August 25, 2026

राखी के धागे से जुड़ा पूरा सवाना, संगीत और खुशियों के बीच दिखा परिवारों का अपनापन  

Faridabad/Alive News: आरपीएस सवाना के सेंट्रल पार्क में रविवार को राखी फेस्ट 2026 का आयोजन किया गया। सावाना वेलफेयर एसोसिएशन और अनंता हॉलीडेज एंड इवेंट्स की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सोसायटी के लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ उत्साह से हिस्सा लिया। कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से रात नौ बजे तक चला।

कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं के लिए सांस्कृतिक और डांस प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं और बच्चों ने राखी व त्योहार से जुड़े सामान की खरीदारी के लिए लगाए गए स्टॉल का भी आनंद लिया। कार्यक्रम में लोगों के लिए मुफ्त मेहंदी की व्यवस्था की गई थी, जिसका महिलाओं और बच्चों ने खूब लुत्फ उठाया। पार्क में खाने-पीने के लिए अलग-अलग तरह के स्टॉल लगाए गए थे। इसके अलावा बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। सोसायटी के लोगों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षाबंधन के साथ सोसायटी के लोगों को एक मंच पर लाना और आपसी भाईचारे व मेलजोल को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का आयोजन ट्रेहन ग्रुप के सहयोग और भारत एंड कंपनी के साथ मिलकर किया गया।