New Delhi/Alive News: महाराष्ट्र के पहाड़ हादसे में पिता, मां और बेटे की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। पहले दावा किया गया था कि बेटे कुणाल ने iPhone को लेकर आत्महत्या की थी। हालांकि, परिवार ने इस बात से साफ इनकार किया है। कुणाल की मौसी पल्लवी ने कहा कि घटना का मोबाइल फोन से कोई संबंध नहीं था और इस तरह की अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए।
परिवार के मुताबिक, कुणाल चाहता था कि उसके माता-पिता साथ रहें। दोनों के रिश्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालांकि, उनके बीच तलाक हुआ था या नहीं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
DCP पंकज अतुलकर के मुताबिक, परिवार में पिछले दो-तीन महीनों से विवाद चल रहा था और इसी वजह से तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
हादसे में जान गंवाने वाली कुणाल की मां संगीता चांदगुडे ने घटना से एक दिन पहले अपने YouTube चैनल पर रिश्तों और प्यार को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने कहा था कि जो व्यक्ति प्यार को महत्व नहीं देता, उसके लिए कुछ भी करना बेकार है।
परिवार के दोनों पक्षों ने माता-पिता के रिश्ते को लेकर अलग-अलग बातें बताई हैं। संगीता के मायके वालों के मुताबिक, मुरलीधर और संगीता के बीच लंबे समय से विवाद था, जिसमें संपत्ति से जुड़े मतभेद भी शामिल थे। उनका कहना है कि कुणाल चाहता था कि दोनों के बीच विवाद खत्म हो।
वहीं, मुरलीधर की बहन शोभा राजेंद्र मस्के ने बताया कि दोनों ने करीब 22 साल पहले लव मैरिज की थी। उनके मुताबिक, मुरलीधर के माता-पिता इस शादी के खिलाफ थे और संगीता को ससुराल वालों ने कभी स्वीकार नहीं किया। अब पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

