September 15, 2026

जम्मू-कश्मीर में 5 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, हथियार और हिजबुल मुजाहिदीन के पोस्टर बरामद

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की कार्रवाई के दौरान बरामद हथियार और विस्फोटक

Jammu/Alive News: जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने अलग-अलग कार्रवाई में 5 संदिग्ध आतंकियों और आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। शोपियां में तीन संदिग्धों को चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। उनके पास से 2 हैंड ग्रेनेड और हिजबुल मुजाहिदीन के 5 पोस्टर बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की पहचान कुलगाम निवासी जुनैद अहमद डार, आमिर यूसुफ और जुनैद मुजफ्फर के रूप में हुई है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं, पुलवामा के यरवान जंगल में सर्च ऑपरेशन के दौरान दो संदिग्ध आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान लतीफ अहमद दीदाद और एजाज अहमद बजाद के रूप में हुई है। उनके पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और UAPA की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

इसके अलावा, सोपोर के मंजसीर इलाके में सुरक्षाबलों के संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान एक खाली पड़े घर से AK-47 राइफल, 3 मैगजीन, 72 कारतूस, 4 हैंड ग्रेनेड और एक IED बरामद किया गया।

सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार संदिग्धों से पूछताछ कर उनके हथियारों के स्रोत और आतंकी नेटवर्क से संभावित संबंधों की जांच कर रही हैं।