Mumbai/Alive News: मुंबई में द्रोणाचार्य अवॉर्डी मलखंभ कोच गणेश प्रभाकर देवरुखकर के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। 16 साल की छात्रा ने कोच पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा मुंबई के एक कॉलेज में पढ़ती है और कई साल से आरोपी कोच से जिमनास्टिक की ट्रेनिंग ले रही थी। छात्रा की शिकायत के अनुसार, घटना 21 अगस्त की सुबह की है।
वॉट्सऐप पर मैसेज कर जिम बुलाने का आरोप
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह सुबह घर पर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान कोच का वॉट्सऐप पर ‘Hi’ मैसेज आया। छात्रा ने भी जवाब दिया और अपनी मां को इसकी जानकारी दी।
मां के कहने पर छात्रा ने कोच से मैसेज करने की वजह पूछी। शिकायत के मुताबिक, कोच ने उससे पूछा कि वह कहां है और अगर फ्री है तो जिम्नेजियम आकर मिले। छात्रा कई साल से उससे ट्रेनिंग ले रही थी, इसलिए वह जिम्नेजियम पहुंच गई।
दरवाजा बंद करने और गोद में बैठाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, जिम्नेजियम पहुंचने पर कोच वहां अकेला था। उसने छात्रा से चप्पल अंदर रखने और दरवाजा अंदर से बंद करने को कहा।
छात्रा का आरोप है कि पढ़ाई और कॉलेज को लेकर बातचीत के दौरान कोच ने उसका हाथ पकड़ा और खींचकर अपनी गोद में बैठा लिया। छात्रा ने उठने की कोशिश की तो आरोपी ने उसकी कमर पकड़ ली और उसके साथ छेड़छाड़ की।
छात्रा जिम्नेजियम से निकलकर सीधे अपने कॉलेज पहुंची। वहां सहेलियों ने उसे परेशान देखा और घटना के बारे में पूछा। इसके बाद छात्रा ने अपनी टीचर को पूरी जानकारी दी।
टीचर ने परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
CCTV और वॉट्सऐप चैट की जांच
मुंबई की पार्ले पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस जिम्नेजियम और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस वॉट्सऐप चैट और जिम में हुई घटना से जुड़े अन्य सबूत भी जुटा रही है।
मलखंभ फेडरेशन ऑफ इंडिया के एक अधिकारी के मुताबिक, मुंबई मलखंभ फेडरेशन से भी घटना के संबंध में जानकारी मांगी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

