August 24, 2026

होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलेगा ईरान, संसद ने दी मंजूरी

होर्मुज स्ट्रेट से गुजरता व्यापारिक जहाज

International/Alive News: ईरान की संसद ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ईरानी न्यूज एजेंसी मेहर के मुताबिक, जिन देशों के जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति मिलेगी, उनसे समुद्री सेवाओं के बदले फीस ली जाएगी।

ईरानी संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हसन काशकवी ने बताया कि शुल्क के बदले जहाजों को समुद्री सेवाएं, सुरक्षा और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके अलावा पर्यावरण से जुड़ी सेवाएं और खास परिस्थितियों में ईंधन भी उपलब्ध कराया जाएगा। भुगतान ईरानी रियाल या ईरान की पसंद की किसी दूसरी करेंसी में किया जा सकेगा।

अमेरिका ने कहा- ईरान के खिलाफ आर्थिक दबाव बढ़ेगा

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि ट्रम्प प्रशासन ईरान के खिलाफ आर्थिक कार्रवाई के आखिरी चरण में पहुंच गया है। अमेरिका का लक्ष्य ईरान की कमाई के बड़े स्रोतों को बंद करना है।

बेसेंट के मुताबिक, अमेरिका ईरान पर दबाव बढ़ाने के लिए अपनी सभी सरकारी एजेंसियों और अधिकारों का इस्तेमाल करेगा। इससे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी ईरान के खिलाफ बड़े आर्थिक कदम उठाने की बात कह चुके हैं।

ईरान की खाड़ी देशों को चेतावनी

ईरान ने अमेरिका की आर्थिक कार्रवाई में साथ देने वाले खाड़ी देशों को चेतावनी दी है। ईरान के नए राष्ट्रीय सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रेजाई ने कहा कि जो देश ईरान पर प्रतिबंध लगाने में अमेरिका का साथ देगा, उसे दुश्मन माना जाएगा।

ईरान को मक्का एग्रीमेंट में शामिल होने का न्योता?

ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी मेहदी रहीमी ने दावा किया है कि तेहरान को मक्का एग्रीमेंट में शामिल होने का न्योता मिला है। उन्होंने कहा कि ईरान इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है।

हालांकि, ईरान के विदेश मंत्रालय और समझौते के संस्थापक देशों सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान ने 7 अगस्त को मक्का में आपसी रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत किसी एक देश पर हमला होने को तीनों देशों पर हमला माना जाएगा।

ट्रम्प ने होर्मुज को बताया अमेरिकी इलाका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पहले होर्मुज स्ट्रेट को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ यानी नया अमेरिकी इलाका बता चुके हैं। 18 अगस्त को उन्होंने पहली बार होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण की बात कही थी। इसके बाद रविवार को उन्होंने दोबारा ऐसी तस्वीर साझा की, जिसमें होर्मुज को अमेरिकी इलाके के रूप में दिखाया गया।

होर्मुज में अब दो समुद्री रास्तों की चर्चा

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद होर्मुज से जहाजों के गुजरने को लेकर दो रास्तों की चर्चा हो रही है।

ईरानी रास्ता: यह होर्मुज के उत्तरी हिस्से में ईरान के तट के पास है। यह लारक और किश्म द्वीपों के करीब से गुजरता है और ईरान के बंदरगाहों व तेल टर्मिनलों तक पहुंचता है।

ओमानी रास्ता: यह दक्षिणी हिस्से में ओमान के करीब है और ईरान के तट से दूर है। अमेरिका जहाजों को इसी रास्ते से गुजरने के लिए कह रहा है। अमेरिकी नौसेना की सुरक्षा में चलने वाले कई व्यापारिक जहाज भी इसी रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं।