August 23, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने एक सप्ताह में 32 साइबर ठग किए गिरफ्तार, 30.56 लाख रुपये बरामद

फरीदाबाद पुलिस की साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई में गिरफ्तार साइबर ठग

Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने 15 से 21 अगस्त 2026 के बीच एक सप्ताह में 32 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपितों के कब्जे से 30 लाख 56 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 7 लाख 25 हजार 172 रुपये खातों में फ्रीज कराए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फरीदाबाद के तीनों साइबर थानों की टीमों ने एक सप्ताह के दौरान कुल 9 मामलों में यह कार्रवाई की। इनमें साइबर थाना एनआईटी के 2 मामले, साइबर थाना सेंट्रल के 4 मामले और साइबर थाना बल्लभगढ़ के 3 मामले शामिल हैं। पुलिस टीमों ने इस दौरान 603 साइबर शिकायतों का निस्तारण भी किया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपितों में शिव शंकर, अब्दुल हक, रजत कुमार, राहुल कुमार, आबिद, विनोद, अमित कुमार, अविनाश सिंह, सैकी सचदेवा, राजेश कुमार, सुनील कुमार, महेन्द्र, सुरेन्द्र, रौनक, राकेश पाल, शुभम राय, अमन दुबे, हमजा, कमरूद्दीन, जयेश राठोर, मोहित, सत्यम शर्मा, लवप्रीत सिंह, फहीम खान, मो. सलमान, विपिन कुमार, आकाश शर्मा, प्रियंका, रोहित बिष्ट, पवन कुमार और गौरव कुमार शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने कहा कि लोग अधिक पैसा कमाने या निवेश पर ज्यादा मुनाफे के लालच में अक्सर साइबर ठगों के जाल में फंस जाते हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और पूरी जानकारी लेने के बाद ही किसी आधिकारिक वेबसाइट या प्लेटफॉर्म पर निवेश करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी को भी OTP, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं बतानी चाहिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक कभी भी फोन या किसी अन्य माध्यम से ग्राहकों से उनकी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।

DCP ने लोगों को ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर होने वाली ठगी से भी सावधान किया। उन्होंने कहा कि कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई प्रावधान नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पुलिस या किसी सरकारी अधिकारी के नाम पर वीडियो कॉल या फोन के जरिए डराकर पैसे मांगता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं।