Faridabad/Alive News: सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में प्रभावित हुई सफाई व्यवस्था को सामान्य करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने अभियान शुरू कर दिया है। निगमायुक्त यशेंद्र सिंह ने अधिकारियों को शहर में जमा कूड़े के ढेर जल्द हटाने और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सामान्य करने के निर्देश दिए हैं।
निगमायुक्त ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जोन के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने और मौके पर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कूड़ा उठाने का काम जल्द पूरा किया जाए।
नगर निगम के अनुसार, सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों की अधिकांश मांगों को स्वीकार किए जाने के बावजूद हड़ताल जारी है। ऐसे में निगम ने उपलब्ध संसाधनों और निजी ठेकेदारों के माध्यम से उपलब्ध लेबर की मदद से सफाई और कूड़ा उठाने का काम शुरू करने की व्यवस्था की है।
यशेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर में लंबे समय से जमा कूड़े के कारण सफाई व्यवस्था को और अधिक समय तक प्रभावित नहीं रहने दिया जा सकता। उन्होंने अधिकारियों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य करने के निर्देश दिए।
निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सफाई अभियान में किसी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति या समूह सफाई कर्मचारियों, निजी ठेकेदारों की लेबर या निगम के सफाई अभियान में रुकावट डालता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कूड़ा नालियों में न डालने की अपील
निगमायुक्त यशेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अपील की कि घरों से निकलने वाला कूड़ा, प्लास्टिक वेस्ट और अन्य कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। उन्होंने विशेष रूप से नालों और नालियों में कूड़ा न डालने की अपील की, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होती है और जलभराव जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर फरीदाबाद बनाने में नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। लोगों के सहयोग से ही नगर निगम के सफाई अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
शहरवासियों ने भी निगम प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया है। नागरिकों का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए सफाई और कूड़ा उठाने का काम शुरू करना जरूरी कदम है।

