August 22, 2026

एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों अस्पताल में भर्ती, डेंगू से संक्रमित होने के बाद चल रहा इलाज

डेंगू के इलाज के दौरान अस्पताल में भर्ती एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों

Mumbai/Alive News: बॉलीवुड एक्ट्रेस और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) की प्रेसिडेंट पूनम ढिल्लों डेंगू से संक्रमित होने के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि उनका पिछले कई दिनों से अस्पताल में इलाज चल रहा है और अब उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है।

पत्रकार विक्की लालवानी ने सोशल मीडिया के जरिए पूनम ढिल्लों की सेहत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सुबह मैसेज के जरिए उनकी एक्ट्रेस से बातचीत हुई, जिसमें पूनम ने अपनी तबीयत में सुधार की जानकारी दी। विक्की लालवानी ने उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना भी की।

CINTAA विवाद को लेकर भी चर्चा में थीं

पूनम ढिल्लों हाल ही में CINTAA से जुड़े विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रही थीं। संगठन की एग्जीक्यूटिव कमेटी के 8 सदस्यों ने अपने पदों और कमेटी से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने मौजूदा नेतृत्व पर भरोसा नहीं होने का आरोप लगाया था और नए चुनाव कराने की मांग की थी।

वहीं, पूनम ढिल्लों ने अपने और CINTAA की वाइस प्रेसिडेंट पद्मिनी कोल्हापुरे के खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने ANI से बातचीत में कहा था कि कुछ लोग अपनी बात नहीं माने जाने के कारण संगठन के नेतृत्व के खिलाफ गंभीर और आपत्तिजनक आरोप लगा रहे हैं।

पूनम ने आरोपों की भाषा पर भी नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेहद आपत्तिजनक और दुख पहुंचाने वाले थे। उन्होंने यह भी कहा था कि जरूरत पड़ने पर ऐसे आरोप लगाने वालों के खिलाफ मानहानि की कार्रवाई पर विचार किया जा सकता है।

फिलहाल पूनम ढिल्लों का मुंबई के लीलावती अस्पताल में इलाज जारी है और उनके स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी सामने आई है।