New Delhi/Alive News: बीजेपी अब Gen-Z यानी युवा वोटर्स से सीधे संवाद कर उनकी सोच, जरूरतों और समस्याओं को समझने की रणनीति पर काम कर रही है। इसके लिए पार्टी ने एक विशेष टीम तैयार की है। इसमें भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेताओं को शामिल किया गया है।
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हुई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई टीम से मुलाकात कर सकते हैं। नितिन नवीन ने 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। पार्टी अध्यक्ष बनने के करीब 209 दिन बाद घोषित इस टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है।
स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी
नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। इसके अलावा वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं।
अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। इनमें उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता शामिल हैं। पार्टी का फोकस चुनावी राज्यों में संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी है।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं, अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को भाजपा IT सेल की जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम में 12 महिलाओं को जगह
नितिन नवीन की 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को शामिल किया गया है। इनमें वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। वहीं कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। महिलाओं में सबसे ज्यादा तीन प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश से हैं, जबकि महाराष्ट्र से दो और अन्य राज्यों से एक-एक महिला को टीम में जगह दी गई है।

