Faridabad/Alive News: जिले के आईटीआई संस्थानों में 14 अगस्त से शुरू हुई ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के तहत स्टूडेंट को बिना नया आवेदन किए सीधे संस्थान पहुंचकर दाखिला लेने का मौका दिया जा रहा है। एनआईटी स्थित आईटीआई में बुधवार को 38 छात्रों ने दस्तावेजों की जांच और फीस जमा करने के बाद मौके पर ही दाखिला लिया। संस्थान में पिछले कुछ दिनों से रोजाना करीब आठ से दस स्टूडेंट दाखिले के लिए पहुंच रहे हैं।
आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया दो जून से शुरू हुई थी। इसके बाद स्टूडेंट्स और संस्थान प्रबंधन की मांग को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि तीन बार बढ़ाई गई। डायरेक्टोरेट ऑफ स्किल डेवलपमेंट एंड इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग की ओर से 17 जुलाई को पहली, 28 जुलाई को दूसरी और सात अगस्त को तीसरी मेरिट कम सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी की गई। इसके बाद खाली सीटों पर दाखिले के लिए 14 से 27 अगस्त तक स्टूडेंट्स को अतिरिक्त समय दिया गया है।
हालांकि, स्टूडेंट के दाखिले के बावजूद आईटीआई में बड़ी संख्या में सीटें अभी भी खाली हैं। एनआईटी- 5 स्थित संस्थान में कुल 588 सीटों में से 331 सीटें अब भी खाली हैं। जिले के अन्य आईटीआई संस्थानों में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है। अधिकांश संस्थानों में करीब 35 से 40 प्रतिशत सीटें खाली हैं।
पांच दिन में सीटें भरने की चुनौती
आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया दो जून से शुरू हुई थी। अब दाखिले के लिए सिर्फ पांच दिन का समय बचा है। अंतिम तारीख 23 है। ऐसे में विभाग और संस्थान प्रशासन के सामने खाली सीटों को भरना बड़ी चुनौती बनी हुई है। एनआईटी-5 आईटीआई के प्रिंसिपल एवं नोडल अधिकारी भगत सिंह ने बताया कि खाली सीटों को भरने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है कि अंतिम तारीख तक अधिक से अधिक सीटों पर दाखिले हो जाएंगे।
इन कोर्स की है सबसे ज्यादा डिमांड
इस बार आईटीआई में दाखिलों का रुझान ट्रेड के अनुसार अलग-अलग नजर आ रहा है। इलेक्ट्रीशियन और कोपा जैसी ट्रेडों में सीटें भर चुकी हैं, जबकि वेल्डर, वेल्डर डुअल, टर्नर डुअल और स्टेनोग्राफर एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट जैसी ट्रेडों में अभी भी छात्रों का रुझान बेहद कम है। कुछ ट्रेडों में तो एक भी आवेदन नहीं आया है।

