Faridabad/Alive News: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने पुलिस लाइन सेक्टर-30 में नशा मुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक पुलिसिंग सेल और ब्रह्माकुमारीज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने बताया कि पुलिस नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दे रही है। जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य पर नहीं पड़ता, बल्कि इससे परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज के प्रतिनिधियों ने पुलिसकर्मियों को नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में निरीक्षक सुनीता ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशे को ना कहकर स्वस्थ जीवन अपनाएं और नशामुक्त समाज बनाने में योगदान दें।

