Faridabad/Alive News: साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर थाना NIT की टीम ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कॉल सेंटर के सरगना समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में निखिल, आकाश, धुर्व, सुनील, नितिन और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से 14 मोबाइल फोन और 14 सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सीकरी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 27 जुलाई को उसे एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को क्रेडिट कार्ड सेवा से जुड़ा बताया और क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर OTP मांगा। OTP बताने के बाद शिकायतकर्ता के खाते से 65,040 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित एक होटल में फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक, धुर्व कॉल सेंटर का सरगना था, जबकि नितिन डाटा, मोबाइल फोन और सिम कार्ड उपलब्ध करवाता था। अन्य आरोपी कॉलर के रूप में लोगों से संपर्क करते थे।
आरोपी बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी अलग-अलग जानकारी देने का झांसा देकर लोगों से गोपनीय जानकारी और OTP हासिल करते थे। पूछताछ में करीब 400 से 500 लोगों को ठगी का शिकार बनाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी की रकम से ऑनलाइन सामान खरीदते थे और बाद में उसे कम कीमत पर बेचकर ठगी की रकम को खपाते थे। पुलिस ने आरोपियों से बरामद मोबाइल और सिम कार्ड की जांच शुरू कर दी है, जिससे अन्य साइबर ठगी की वारदातों का पता लगाया जा सके।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कॉल सेंटर के सरगना धुर्व और आरोपी नितिन के खिलाफ पहले भी साइबर अपराध से संबंधित मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार सभी आरोपी 9वीं से 12वीं कक्षा तक शिक्षित बताए गए हैं।

