Faridabad/Alive News: जिला फरीदाबाद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, शहरी स्थानीय निकाय तथा नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया और मार्च-पास्ट की सलामी ली।
समारोह से पहले विपुल गोयल ने फरीदाबाद स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर देश की आजादी और सुरक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विपुल गोयल ने स्वतंत्रता सेनानियों, वीर जवानों और शहीद परिवारों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी असंख्य वीरों के बलिदान से मिली है और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि पिछले करीब 12 वर्षों में हरियाणा में 425 शहीदों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने देशभर में आजादी की अलख जगाई थी। वीरों के बलिदान की स्मृति को जीवंत रखने के लिए अंबाला छावनी में शहीद स्मारक स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में हरियाणा का GSDP लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 11 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र के संतुलित विकास से प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। सरकार निवेश, उद्योग, रोजगार, किसानों की आय और आधुनिक बुनियादी ढांचे को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन हरियाणा की बढ़ती तकनीकी क्षमता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा समावेशी विकास सुनिश्चित करना है, जिसका लाभ गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
उन्होंने आयुष्मान भारत-चिरायु योजना, किडनी रोगियों के लिए मुफ्त डायलिसिस तथा जरूरतमंद कैंसर मरीजों को आर्थिक सहायता सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में एक चिकित्सा विश्वविद्यालय और 12 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों की MSP पर खरीद सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने फसल विविधीकरण, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, सिंचाई, कृषि तकनीक और किसान उत्पादक संगठनों को बढ़ावा देने की बात कही।
उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 में विकसित भारत के निर्माण का नेतृत्व आज के युवा करेंगे। उन्होंने इस वर्ष की स्वतंत्रता दिवस थीम ‘युवा शक्ति विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व’ का भी उल्लेख किया।
समारोह में फरीदाबाद मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, डिविजनल कमिश्नर संजय जून, डीसी आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम डॉ. हनी बंसल, डीसीपी हेडक्वार्टर हिमाद्रि कौशिक, डीसीपी सेंट्रल उषा, सीटीएम अंकित कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, युद्ध वीरांगनाएं, शहीदों के आश्रित तथा अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

