August 14, 2026

स्वतंत्रता दिवस को लेकर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट, 11 जगहों पर इंटरस्टेट नाकाबंदी

Faridabad/Alive News: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर फरीदाबाद पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने संदिग्ध लोगों, वाहनों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ होटल, गेस्ट हाउस, ओयो, धर्मशाला, मॉल, सिनेमा हॉल, मेट्रो स्टेशन और बस स्टैंड समेत कई सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चेकिंग शुरू की है।

सभी थाना प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त और जरूरत के अनुसार नाकाबंदी करने के निर्देश दिए गए हैं। किरायेदारों और घरेलू सहायकों के सत्यापन के साथ साइबर कैफे, बाजार, पार्किंग और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी निगरानी की जा रही है।

सुरक्षा एजेंट और सीआईडी की जोनवार टीमें पुलिस के साथ मिलकर चेकिंग कर रही हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी संसाधनों के जरिए भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी आपत्तिजनक या संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।

11 स्थानों पर इंटरस्टेट नाकाबंदी

फरीदाबाद की सीमाओं पर 11 स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की गई है। इनमें बदरपुर बॉर्डर, शूटिंग रेंज, प्रहलादपुर बॉर्डर, मांगर चुंगी, दुर्गा बिल्डर, इस्माइलपुर बॉर्डर, किडावली, मल्लाह घाट, मंझावली यमुना पुल, मोहना और केजीपी मौजपुर टोल टैक्स शामिल हैं। इन नाकों पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है।

14 अगस्त रात से भारी वाहनों पर रोक

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14 अगस्त रात 8 बजे से 15 अगस्त को कार्यक्रम खत्म होने तक दिल्ली की ओर जाने वाले भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों तथा इंटरस्टेट बसों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

यह प्रतिबंध बदरपुर बॉर्डर, पल्ला बॉर्डर, करणी सिंह शूटिंग रेंज बॉर्डर, सूरजकुंड बॉर्डर, मांगर चौकी, सीकरी एनएच-19 और सेक्टर-30 कट सहित दिल्ली से जुड़े प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा। भारी वाहनों को सीमा क्षेत्र से पहले वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या लावारिस सामान दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। लावारिस वस्तु को छूने या उसके आसपास भीड़ लगाने से बचें।

किसी भी आपात स्थिति में डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम 9999150000 या 0129-2227200 पर सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।