Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के नीमका स्थित राजा जैत सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में नशामुक्ति को लेकर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 850 से अधिक विद्यार्थियों और 88 शिक्षकों व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देश और संयुक्त पुलिस आयुक्त फरीदाबाद सह पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, IPS के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे नशामुक्ति जागरूकता अभियान के तहत आयोजित किया गया।
जागरूकता एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा साइकिल से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। इसी अभियान के तहत उन्होंने फरीदाबाद से साइकिल यात्रा करते हुए नीमका और तिगांव क्षेत्र का दौरा किया तथा संस्थान में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्राचार्य सह उप महाप्रबंधक संजय शरीफ ने की। डॉ. वर्मा ने कहा कि नशे की समस्या आज बड़ी सामाजिक चुनौती बन चुकी है। इससे निपटने के लिए जागरूकता के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल, योग, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
डॉ. वर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत अफीम, चरस, हेरोइन, स्मैक, चिट्टा, प्रतिबंधित नशीली गोलियां और नशीले इंजेक्शन जैसे मादक पदार्थों का सेवन, खरीद-फरोख्त, भंडारण और तस्करी दंडनीय अपराध है। उन्होंने यह भी बताया कि तंबाकू और धूम्रपान से जुड़े उत्पाद भी स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को नशामुक्त समाज बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के बाद साइकिल से वापस फरीदाबाद की यात्रा की। इस दौरान उन्होंने करीब 24 किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर नशामुक्ति के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन का संदेश भी दिया।
नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलने पर 1933 या 9050891508 पर गुप्त सूचना देने की अपील की गई। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

