August 13, 2026

गैस एजेंसी से 4 खाली सिलेंडर चोरी, 2 आरोपी गिरफ्तार; सभी सिलेंडर बरामद

फरीदाबाद में गैस एजेंसी से चोरी किए गए खाली सिलेंडर और पुलिस कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के ऊंचा गांव स्थित गैस एजेंसी से चार खाली सिलेंडर चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए सभी चार सिलेंडर बरामद कर लिए हैं। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय (24) और अलताफ (20), निवासी आशियाना सेक्टर-62, फरीदाबाद के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि दोनों नशा करने के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस जांच के मुताबिक 6 अगस्त को दोनों आरोपित किराये का ऑटो लेकर गैस एजेंसी पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने एजेंसी से चार खाली सिलेंडर ऑटो में रखे और वहां से फरार हो गए। बाद में दोनों ने चोरी किए गए सिलेंडरों को आपस में दो-दो बांट लिया था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कुंदन कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी मुकेश ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि ऊंचा गांव में उनकी भारत गैस एजेंसी है, जहां से 6 अगस्त को चार खाली सिलेंडर चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने जांच के दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए चारों सिलेंडर बरामद कर लिए। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।