September 24, 2026

जबरन वसूली और धमकी मामले में सरगना गिरफ्तार, पांच आरोपी पहले हो चुके काबू

फरीदाबाद पुलिस द्वारा जबरन वसूली मामले में आरोपी की गिरफ्तारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने थाना मुजेसर क्षेत्र के मामले में कार्रवाई करते हुए विकास उर्फ विक्की निवासी गांव नचौली, फरीदाबाद को काबू किया है। आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के पुलिस रिमांड पर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार राजीव कॉलोनी निवासी अनिल की हार्डवेयर चौक पर मीट की दुकान है। शिकायत के मुताबिक 30 मई 2025 को उसके व्हाट्सएप पर कॉल कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इसके बाद अक्षय और इरशाद उसकी दुकान पर पहुंचे और जान से मारने की धमकी देकर 10 हजार रुपये ले गए। उन्होंने कहा कि यह रकम विक्की और रोहित को देनी है और बाकी पैसे तैयार रखें।

शिकायतकर्ता के अनुसार 4 जून 2025 को 3-4 युवक दोबारा उसकी दुकान पर पहुंचे और 10 हजार रुपये वसूल किए। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी, जिस पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने विकास उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे 11 अगस्त को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर एक दिन के रिमांड पर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके कहने पर अक्षय, सलमान, सुमित और अन्य साथी शिकायतकर्ता की दुकान पर गए थे और उससे रुपये वसूले थे।

पुलिस के मुताबिक विकास उर्फ विक्की का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और एक्सटॉर्शन समेत 10 मामले दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।