Noida/Alive News: अधिसूचित क्षेत्र की भूमि पर भूमाफिया द्वारा अवैध रूप से कालोनी काटने का प्रयास किया जा रहा था, जिसे प्राधिकरण की वर्क सर्किल सात की टीम ने बुधवार को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में लगभग 40 एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। साथ ही अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-142 में एफआइआर दर्ज करने की तहरीर भी दी गई है।
वर्क सर्किल सात के वरिष्ठ प्रबंधक डोरी लाल वर्मा ने बताया कि इलाबास गांव की अधिसूचित भूमि पर खसरा संख्या-373, 374, 376, 375, 385, 384, 387, 388, 389, 390, 391, 410 और 412 पर चारदीवारी, गेट और अस्थाई रूप से बने शौचालय को ध्वस्त किया गया।
अतिक्रमण के कारण सार्वजनिक भूमि के उपयोग और क्षेत्र के व्यवस्थित विकास में बाधा उत्पन्न हो रही थी। प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देश पर संबंधित विभाग की टीम ने स्थल का निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की। इस दौरान प्राधिकरण के पुलिस बल और संबंधित अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर कार्रवाई को सुनिश्चित किया।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि और अन्य संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि का क्षेत्रफल लगभग 40 एकड़ है।
नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण न करें, ताकि क्षेत्र के सुनियोजित विकास में सहयोग मिल सके।

