August 13, 2026

नोएडा जिला अस्पताल में बड़े भर्ती घोटाले का खुलासा, 17 कर्मियों का वेतन रोका

Noida/Alive News:  अगस्त 2023 में शासन के आदेशों को दरकिनार कर जिला अस्पताल में तत्कालीन अधिकारियों द्वारा की गई 17 स्टाफ नर्स और लैब टेक्नीशियन की अवैध भर्ती पर रोक लगा दी गई है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने प्रक्रिया में भ्रष्टाचार की बू आने पर स्वास्थ्य विभाग से कर्मियों की ज्वाइनिंग तिथि समेत महत्वपूर्ण जानकारी मांगी थी। डाटा में गड़बडी पाई गई।

शासन ने इसे घोटाला मानते हुए स्वास्थ्यकर्मियों का वेतन रोक दिया है। नियमानुसार स्थानीय स्तर पर स्टाफ की भर्ती नहीं हो सकती थी, बावजूद इन्हें आउटसोर्स एजेंसी से सांठगांठ कर भर्ती कर लिया गया।

2023 में छह स्टाफ नर्स और दो लैब टेक्नीशियन को किया था भर्ती

तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने 2023 और 2025 में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 15 स्टाफ नर्स एवं दो लैब टेक्नीशियन की भर्ती की थी। छह स्टाफ नर्स और दो लैब टेक्नीशियन को अगस्त 2023 में भर्ती किया। नौ स्टाफ नर्स को 2025 के अलग-अलग महीनों में जिला अस्पताल में ज्वाइनिंग कराई गई थी।

अधिकारी बताते हैं कि शासन से 2023 के शुरुआती महीने में आदेश आया था कि प्रदेश के समस्त जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स और लैब टेक्नीशियन की भर्ती लखनऊ मुख्यालय से की जाएगी। इस आदेश के बावजूद तत्कालीन अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर नर्सिंग स्टाफ और लैब टेक्नीशियन की भर्ती कर दी।

आठ स्वास्थ्यर्मियों को लगभग 58 लाख रुपये वेतन अदा किया। नौ स्वास्थ्यकर्मियों को करीब 21 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर किए गए। सूत्र बताते हैं कि कर्मियों की भर्ती अलीगढ़ की एक एजेंसी के माध्यम से जिला अस्पताल प्रबंधन ने की थी।नियमों की धज्जियां उड़ने पर भी आंखे मूंदे बैठे रहे जिम्मेदार

स्थानीय स्तर से भर्ती घोटाला सामने आने के बाद हैरानी की बात है कि स्वास्थ्य विभाग के तमाम जिम्मेदार अधिकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के नियमों को तोड़ने पर भी आंखें मूंदकर बैठे रहे। भर्ती में भ्रष्टाचार की बू आने का मामला लखनऊ पहुंचा था। गोपनीय जांच कराई तो सभी के होश उड़ गए। इसके बाद लखनऊ से सीएमओ के पास सभी का वेतन रोकने का पत्र जारी हुआ।

कर्मचारी भी जांच के दायरे

जिन कर्मचारियों का वेतन रोका गया है, वह भी जांच के दायरे में हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसी प्रभावशाली लोगों के करीबी तो नहीं है।