August 9, 2026

श्मशान घाट में दफन नवजात का शव कुत्तों ने निकाला, फरीदाबाद में सड़क पर मिला

Newborn body found near cremation ground in Faridabad

Faridabad/Alive news: फरीदाबाद के छांयसा थाना क्षेत्र में मोठूका नगला रोड के पास एक नवजात शिशु का शव सड़क पर मिलने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि नवजात के शव को श्मशान घाट में दफनाया गया था, लेकिन कुत्तों ने गड्ढा खोदकर शव को बाहर निकाल दिया और सड़क तक ले आए। राहगीरों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद छांयसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी गोपाल दास के अनुसार, पुलिस को रात करीब 10 बजे श्री अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज के पास दीवार से लगभग 10 मीटर की दूरी पर नवजात का शव पड़े होने की सूचना मिली थी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि शव मोठूका नगला रोड की तरफ जाने वाले रास्ते पर स्थित श्मशान घाट में दफनाया गया था। पुलिस के अनुसार, शव करीब एक से दो महीने पुराना प्रतीत हो रहा है। काफी समय बीतने के कारण शव का अधिकांश हिस्सा कंकाल में बदल चुका था।

पुलिस को आशंका है कि श्मशान घाट की जमीन में दफन शव से आने वाली दुर्गंध के कारण कुत्तों ने वहां गड्ढा खोदा और शव को बाहर निकाल लिया। इसके बाद कुत्ते उसे खींचकर सड़क तक ले आए, जहां राहगीरों ने उसे देखा।

पुलिस ने बताया कि कई बार जन्म के समय या बीमारी के कारण नवजात बच्चों की मौत हो जाती है। ऐसी स्थिति में परिजन या संबंधित लोग उनके शवों को श्मशान घाट में दफना देते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस नवजात के शव को किसने और कब दफनाया था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवजात के शव को दोबारा श्मशान घाट में दफनाया जाएगा।