Faridabad/Alive News: गांव सारन में मकान को लेकर चल रहे विवाद में छोटे भाई पर गोली चलाकर जान से मारने के प्रयास के मामले में थाना सारन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान तुषार, निवासी गांव सारन, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 7 अक्टूबर को प्रेस कॉलोनी, फरीदाबाद से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, जवाहर कॉलोनी निवासी अभिषेक गौड़ की पत्नी ने शिकायत दी थी कि पैतृक मकान को लेकर उसके जेठ तुषार और उसकी पत्नी के साथ आए दिन विवाद होता था। 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के दिन वह अपने पति अभिषेक के साथ गांव सारन स्थित पैतृक मकान पर गई थी। वहां तुषार की अभिषेक के साथ कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान तुषार ने अभिषेक को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली अभिषेक को लग गई, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सारन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूत्रों की मदद से आरोपी तुषार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि तुषार और अभिषेक के बीच जवाहर नगर स्थित मकान को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को दोनों भाइयों के बीच दोबारा विवाद होने पर तुषार ने अपने पास मौजूद अवैध हथियार से अभिषेक पर फायरिंग कर दी थी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए वृंदावन, दिल्ली सहित कई जगहों पर छिपकर रह रहा था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ और बरामदगी के लिए उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

