August 3, 2026

नूंह जलाभिषेक यात्रा से पहले बिट्टू बजरंगी हाउस अरेस्ट, पुलिस ने जाने की अनुमति नहीं दी

नूंह जलाभिषेक यात्रा से पहले घर के बाहर पुलिस सुरक्षा के बीच बिट्टू बजरंगी।

Faridabad/Alive News: नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी को फरीदाबाद पुलिस ने सोमवार को उनके घर पर हाउस अरेस्ट कर दिया। वह नूंह स्थित नल्हड़ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए जाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें यात्रा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी।

पुलिस ने रविवार देर रात से ही बिट्टू बजरंगी के घर के बाहर सुरक्षा बल तैनात कर दिए थे, ताकि वह नूंह के लिए रवाना न हो सकें। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

गौरतलब है कि 31 जुलाई 2023 को नूंह में जलाभिषेक यात्रा के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई थी। इस हिंसा में पथराव, आगजनी और फायरिंग की घटनाएं हुई थीं, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में दो होमगार्ड भी शामिल थे। इस मामले में 100 से अधिक केस दर्ज किए गए थे और कुल 595 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद बिट्टू बजरंगी ने कहा कि देश के हर नागरिक को कहीं भी जाकर पूजा-अर्चना करने का अधिकार है, लेकिन उन्हें नूंह जाने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है जैसे वह कोई आतंकवादी हों।

इसके अलावा बिट्टू बजरंगी ने कांग्रेस विधायक मामन खान का नाम लेते हुए उन पर भी टिप्पणी की। यह बयान उनका व्यक्तिगत आरोप है। इस संबंध में संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।