Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-14 स्थित एक मकान में 15 वर्षीय घरेलू सहायिका का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक किशोरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले की रहने वाली थी। उसकी मां कुसुमलता ने बताया कि परिवार बीपीटीपी पुल के पास रहता है और वह लंबे समय से सेक्टर-14 में घरों में काम करती हैं। करीब दो महीने पहले उनकी 15 वर्षीय बेटी महिमा ने भी सेक्टर-14 के एक मकान में घरेलू सहायिका के रूप में काम शुरू किया था। वह वहीं रहती थी और मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में उसका ठहरने का इंतजाम किया गया था।
पुलिस के मुताबिक यह मकान कपड़ा कारोबारी राजीव जैन का है। घटना के समय वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद नहीं थे।
परिजनों ने बताया कि रविवार को महिमा कुछ समय के लिए अपने घर आई थी। शाम करीब चार बजे उसका भाई उसे बाइक से वापस सेक्टर-14 स्थित मकान के बाहर छोड़कर गया। करीब डेढ़ घंटे बाद परिवार को सूचना मिली कि महिमा की मौत हो गई है।
मां का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचीं तो बेटी का शव फंदे से लटका हुआ था। उन्होंने बताया कि परिवार उसकी शादी की तैयारी कर रहा था और उसकी सगाई भी हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-14 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जांच अधिकारी मोहम्मद जमशेद ने बताया कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

