Faridabad/Alive News: सेक्टर-59 स्थित एक स्टील कंपनी के गोदाम से लाखों रुपये की स्टील शीट के गबन मामले में अपराध शाखा सेक्टर-56 ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 टन स्टील शीट भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवहरी निवासी जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी एनआईटी-1, फरीदाबाद के रूप में हुई है। उसे पूछताछ के बाद मामले में शामिल किए गए अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव धतीर (पलवल) निवासी योगेश डागर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जून 2026 को कंपनी के गोदाम में स्टॉक का मिलान किया गया। जांच के दौरान गोदाम से करीब 3 से 4 टन स्टील शीट कम पाई गई, जिसके बाद थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 ने आरोपी शिवहरी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि वह ‘सुदीप इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्म चलाता है, जहां स्टील शीट से विभिन्न सामान तैयार कर बेचा जाता है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने कंपनी के तत्कालीन मैनेजर रोहित के साथ मिलकर गबन की साजिश रची थी। आरोप है कि शिवहरी कम मात्रा में माल का ऑर्डर देता था, लेकिन मैनेजर रोहित अधिक मात्रा में स्टील शीट उसके पास भिजवा देता था। अतिरिक्त माल के बदले आरोपी तय रकम मैनेजर को देता था।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में कंपनी के मैनेजर रोहित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक की कार्रवाई में आरोपी शिवहरी के कब्जे से करीब 2 टन स्टील शीट बरामद की गई है। मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

