July 30, 2026

बच्चे को झांसा देकर गहने ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार, 33 मामलों का निकला हिस्ट्रीशीटर

फरीदाबाद में बच्चे को झांसा देकर गहने ठगने के मामले में कार्रवाई करती अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम।

Faridabad/Alive News: सेक्टर-19 में एक बच्चे को झांसा देकर घर से सोने के आभूषण ठगने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-85 ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को सेक्टर-19 निवासी अर्जुन सिंह की शिकायत पर थाना ओल्ड फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि घटना के समय उनके दोनों बच्चे घर पर अकेले थे। इसी दौरान एक व्यक्ति घर पहुंचा और बड़े बच्चे से कहा कि उसकी मां को पुलिस ने पकड़ लिया है और उसके पिता ने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण मंगवाए हैं। बच्चे ने उसकी बातों पर विश्वास कर घर में रखे आभूषण उसे दे दिए, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले इलाके की रेकी करता था। वह यह जानकारी जुटाता था कि घर में कौन रहता है, परिवार के सदस्य क्या काम करते हैं और किस समय घर खाली रहता है। इसके बाद वह बच्चों या अन्य कमजोर लोगों को झांसे में लेकर वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी से फरीदाबाद के तीन अन्य ठगी के मामलों का खुलासा हुआ है। इसके अलावा उसके खिलाफ गुरुग्राम, गाजियाबाद और दिल्ली में इसी तरह के 33 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह करीब डेढ़ महीने पहले ही गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हुआ था।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों और चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी के संबंध में जांच कर रही है।