July 28, 2026

जापान के कुमामोटो में 7.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी

जापान के कुमामोटो में भूकंप के बाद सुनामी चेतावनी जारी होने की सांकेतिक तस्वीर।

Tokyo/Alive News: जापान के दक्षिणी द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। भूकंप के बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने सुनामी की एडवाइजरी जारी कर तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

JMA के अनुसार, भूकंप का केंद्र कुमामोटो तट के पास समुद्र में लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर था। तेज झटकों के बाद प्रशासन ने हालात पर नजर रखनी शुरू कर दी है। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।

सुनामी अलर्ट जारी होने के बाद अरियाके और यात्सुशिरो सागर के तटीय क्षेत्रों के लिए तत्काल निकासी (Evacuation) के आदेश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समुद्र और तटीय इलाकों से तुरंत दूर चले जाएं और जब तक चेतावनी वापस नहीं ली जाती, तब तक समुद्र के पास न जाएं।

जापान सरकार ने कुमामोटो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों में भी आपातकालीन चेतावनी जारी की है। लोगों से शांत रहने, स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और टीवी, रेडियो तथा आधिकारिक माध्यमों से जारी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के बाद एक मीटर तक ऊंची सुनामी की लहरें उठने की आशंका है। इसी वजह से तटीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

भूकंप के असर को देखते हुए कुमामोटो प्रीफेक्चरल म्यूजियम ऑफ आर्ट ने बुधवार को बंद रहने का फैसला किया है। संग्रहालय प्रशासन ने बताया कि यह निर्णय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर लिया गया है।