July 25, 2026

फ्लोरॉन गैस सप्लायर बनकर 5.40 लाख की साइबर ठगी, 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

फ्लोरॉन गैस के नाम पर साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कार्रवाई करती फरीदाबाद पुलिस।

Faridabad/Alive News: फ्लोरॉन गैस सप्लाई के नाम पर 5.40 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, भीमसेन कॉलोनी निवासी एक ऑटोमोबाइल कारोबारी ने शिकायत दी थी कि उसने 26 मार्च 2026 को IndiaMART पर फ्लोरॉन गैस खरीदने के लिए संपर्क किया था। इसके बाद खुद को श्रुति एंटरप्राइजेज का सेल्स प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने उससे संपर्क किया और फ्लोरॉन गैस की कीमत 400 रुपये प्रति यूनिट बताई।

आरोपियों ने 1,350 डिब्बों (50 बॉक्स) का ऑर्डर बुक करने के लिए पूरी रकम एडवांस में जमा कराने को कहा। शिकायतकर्ता ने 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच 11 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 5.40 लाख रुपये बताए गए बैंक खातों में जमा कर दिए। भुगतान के बाद न तो सामान मिला और न ही पैसे वापस किए गए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि तीनों मूल रूप से हाथरस (उत्तर प्रदेश) के एक ही गांव के रहने वाले हैं और ग्रेटर नोएडा में किराये के कमरे में साथ रहते थे।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने IndiaMART पर फ्लोरॉन गैस सप्लायर के रूप में अपना नंबर दर्ज कर रखा था। जैसे ही कोई ग्राहक फ्लोरॉन गैस सर्च करता था, उसकी जानकारी आरोपियों तक पहुंच जाती थी। इसके बाद एक आरोपी कंपनी मैनेजर बनकर बात करता था, दूसरा ट्रक चालक बनकर झूठी जानकारी देता था कि सामान भेज दिया गया है, जबकि तीसरा पूरी ठगी की योजना में शामिल रहता था।

पुलिस के अनुसार, दो आरोपी 12वीं पास हैं, जबकि एक 10वीं पास है। इनमें से दो आरोपी सरकारी ग्रुप-डी भर्ती परीक्षा की तैयारी भी कर रहे थे। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।