Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के फतेहपुर बिल्लौच स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 26 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में पात्र परिवारों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। इससे पहले उन्होंने चंडीगढ़ से आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया, जिसमें मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान 2.0 के मोबाइल ऐप और पोर्टल के संचालन की पूरी जानकारी दी गई।
बैठक में एडीसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मेले की सभी तैयारियां 25 जुलाई तक पूरी कर ली जाएं। उसी दिन आयोजन स्थल का संयुक्त निरीक्षण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने स्टॉल, प्रचार-प्रसार और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें।
एडीसी ने बताया कि जिले के करीब 3 हजार पात्र परिवारों की सूची संबंधित विभागों को दी जा चुकी है। अब विभागों की टीमें घर-घर जाकर इन परिवारों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी, उनकी काउंसलिंग करेंगी और मेले में आने के लिए प्रेरित करेंगी।
उन्होंने बैंक अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि मेले में प्रमुख बैंकों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। पात्र लाभार्थियों के ऋण संबंधी आवेदनों की प्रक्रिया मौके पर ही शुरू करने के लिए बैंक सहायता डेस्क भी लगाएंगे।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि मुख्यमंत्री परिवार अंत्योदय उत्थान मेला का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि हर पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज, एचएचवीपी के स्टेट अधिकारी नवीन कुमार, डीडीपीओ प्रामिंद्र तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

