July 21, 2026

जमीन विवाद में फायरिंग और हत्या के प्रयास का मामला, 3 आरोपी गिरफ्तार

जमीन विवाद में फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की थाना भूपानी टीम ने जमीन के विवाद में मारपीट, फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजयपाल, अभयपाल और अमित के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गांव तिलोरी खादर में जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से परिवार के बीच विवाद चल रहा है। शिकायतकर्ता के नाना ने उसे गोद लिया हुआ है, लेकिन इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में मतभेद था।

शिकायत के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को खेत की जुताई को लेकर विवाद हुआ था। इसके अगले दिन 16 जुलाई की शाम आरोपियों सहित कुछ लोग शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने शिकायतकर्ता के परिवार के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने अवैध पिस्टल से शिकायतकर्ता पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

घटना के बाद थाना भूपानी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है और रिमांड के दौरान घटना में इस्तेमाल हथियार सहित अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।