July 21, 2026

सोनम वांगचुक की आवाज दबाने की कोशिश हो रही, 20 जुलाई संसद मार्च में जेजेपी होगी शामिल: दिग्विजय चौटाला

प्रेस वार्ता के दौरान संबोधित करते जेजेपी युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला

Chandigarh/Alive News: जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने दिल्ली के जंतर-मंतर से सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने की घटना की आलोचना की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि सरकार को युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि सोनम वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च का समर्थन करते हुए कहा कि जेजेपी भी इस प्रदर्शन में हिस्सा लेगी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाएगी।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि देशभर में युवाओं के बीच बदलाव की भावना मजबूत हो रही है और पेपर लीक जैसे मामलों के खिलाफ सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का आंदोलन नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि जेजेपी का जन-जन अभियान पूरे हरियाणा में जारी है। उनके अनुसार, पिछले छह महीनों में वे करीब 600 गांवों का दौरा कर चुके हैं और हजारों लोगों से संवाद कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि नवंबर तक 1200 गांवों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

एक सवाल के जवाब में दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कामकाज को लेकर टिप्पणी की।