Faridabad/Alive News: सेक्टर-55 स्थित राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ‘विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ सीधा संबंध’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित किया।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समितियां शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नियमित उपस्थिति, बेहतर शैक्षणिक माहौल और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने में समितियों की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने समिति सदस्यों से विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने, शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के हित में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि विद्यालय और समाज के बीच बेहतर समन्वय से सरकारी विद्यालयों को उत्कृष्ट शिक्षा केंद्र बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

