Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना NIT ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 19.75 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने झांसी (उत्तर प्रदेश) निवासी विकास (50) को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी में सेकेंड लेयर अकाउंट होल्डर था। ठगी की रकम में से करीब 9 लाख रुपये उसके बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी एम.एड. पास है और झांसी में एक कंप्यूटर सेंटर चलाता है।
जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी के बैंक खाते से देशभर में 40 साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी हुई हैं। उसके खाते में विभिन्न साइबर अपराधों के जरिए ढाई करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम का लेन-देन हुआ है।
मामले की शिकायत सेक्टर-39 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि जनवरी 2026 में उसे व्हाट्सएप पर शेयर ट्रेडिंग में 600 प्रतिशत तक मुनाफा देने का दावा करने वाला संदेश मिला। ठगों ने खुद को 5paisa से जुड़ा बताकर भरोसा जीत लिया और उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता से एक ऐप डाउनलोड करवाई गई, जिसमें फर्जी निवेश और मुनाफा दिखाकर उसे विश्वास में लिया गया। आरोपी के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग बैंक खातों में 19.75 लाख रुपये जमा कर दिए। जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की तो ठगों ने बहाने बनाने शुरू कर दिए और बाद में संपर्क बंद कर दिया।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT ने बैंक खातों, ट्रांजैक्शन डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। मनी ट्रेल के आधार पर पुलिस झांसी पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

