July 17, 2026

भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद-सोनीपत रूट पर शुरू, जानिए रूट, किराया और टाइमिंग

जींद रेलवे स्टेशन से रवाना होती भारत की पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रेन।

Jind/Alive News: भारत ने हरित परिवहन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपनी पहली हाइड्रोजन फ्यूल सेल ट्रे की शुरुआत कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जहां हाइड्रोजन ईंधन से यात्री ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।

यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच लगभग 89 किलोमीटर का सफर करीब 2 घंटे में तय करेगी। ट्रेन जींद जंक्शन से चलकर जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना और बड़वासनी होते हुए सोनीपत पहुंचेगी। नियमित संचालन में ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी।

रेलवे के अनुसार, जींद से सोनीपत तक अधिकतम किराया 25 रुपये रखा गया है, जबकि न्यूनतम किराया 5 रुपये है। ट्रेन संख्या 74010 सुबह 7:40 बजे जींद से रवाना होकर 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 74009 सुबह 10:30 बजे सोनीपत से चलकर दोपहर एक बजे जींद पहुंचेगी।

हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन बिजली का उत्पादन स्वयं करती है और इसके संचालन के दौरान केवल जलवाष्प (Water Vapour) उत्सर्जित होती है, जिससे यह पर्यावरण के लिए बेहद अनुकूल मानी जा रही है।