July 17, 2026

दिल्ली में जल्द शुरू होगा Smart-PDS: QR कोड राशन कार्ड और फेस स्कैन से मिलेगा अनाज

दिल्ली में Smart-PDS योजना के तहत QR कोड राशन कार्ड और फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए राशन वितरण का सांकेतिक चित्र।

New Delhi/Alive News: दिल्ली सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए जल्द ही Smart-PDS परियोजना लागू करने जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत राशन कार्डों को QR कोड से लैस किया जाएगा और लाभार्थियों की पहचान के लिए फेशियल रिकग्निशन (Face Authentication) तकनीक का उपयोग किया जाएगा।

नई प्रणाली का उद्देश्य राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ाना और फर्जीवाड़े व कालाबाजारी पर रोक लगाना है। सरकार के अनुसार, बुजुर्गों और ऐसे लोगों को भी राहत मिलेगी जिनके फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक मशीन पर मैच नहीं होते। अब वे चेहरे की पहचान के माध्यम से आसानी से अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे।

Smart-PDS के लागू होने के बाद राशन कार्ड धारक घर बैठे ऑनलाइन यह जानकारी प्राप्त कर सकेंगे कि उनका गेहूं या चावल कब जारी हुआ, किस उचित मूल्य की दुकान (Fair Price Shop) पर पहुंचा और कब वितरित किया जाएगा। इसके अलावा परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने या हटाने, दस्तावेज अपलोड करने और आवेदन की स्थिति जांचने जैसी सभी सेवाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।

सरकार ने इस प्रणाली को लागू करने से पहले 16 सदस्यीय यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग (UAT) समिति का गठन किया है, जो ऐप और सिस्टम की सुरक्षा, कार्यक्षमता और उपयोगकर्ता अनुभव का परीक्षण कर रही है। परीक्षण सफल होने के बाद Smart-PDS को पूरे दिल्ली में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।