July 17, 2026

आमिर खान बोले- ‘सोनम वांगचुक पर नहीं बनी थी थ्री इडियट्स’, भूख हड़ताल पर जताई चिंता

लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में मीडिया से बातचीत करते अभिनेता आमिर खान।

New Delhi/Alive News: अभिनेता आमिर खान ने पहली बार सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल और फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे दावों पर प्रतिक्रिया दी है। लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म का किरदार ‘रैंचो’ सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था।

आमिर खान ने कहा कि जब ‘थ्री इडियट्स’ बनाई जा रही थी, तब न वह, न निर्देशक राजकुमार हिरानी और न ही लेखक अभिजात जोशी सोनम वांगचुक को जानते थे। उन्होंने कहा कि फिल्म के किरदार को वांगचुक से जोड़ना एक गलतफहमी है।

हालांकि, आमिर ने सोनम वांगचुक के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए उनकी सेहत को लेकर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि वांगचुक बेहतरीन काम कर रहे हैं और वह उम्मीद करते हैं कि उनकी भूख हड़ताल जल्द समाप्त हो तथा उनकी सेहत सुरक्षित रहे।

गौरतलब है कि सोनम वांगचुक लंबे समय से यह कहते रहे हैं कि फिल्म उनसे प्रेरित होने के दावे से वह सहमत नहीं हैं। उनका कहना रहा है कि यदि किसी ने उनके काम से प्रेरणा ली भी हो, तो इसकी आधिकारिक पुष्टि कभी नहीं हुई। हाल के दिनों में वांगचुक की भूख हड़ताल को लेकर सोशल मीडिया पर आमिर खान की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद उन्होंने यह बयान दिया।