Faridabad/Alive News: एनआईटी ज़ोन की साइबर सेल ने 7 लाख रुपये से अधिक कीमत के 23 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सफलतापूर्वक वापस सौंप दिया। यह कार्रवाई आमजन की संपत्ति की सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
डीसीपी एनआईटी उत्तम ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल खो चुके लोगों ने जब अपने फोन वापस प्राप्त किए तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने फरीदाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी कार्यशैली और पारदर्शी व्यवस्था की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, साइबर सेल ने केंद्र सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके बाद IMEI नंबर, डिजिटल ट्रैकिंग, नेटवर्क विश्लेषण और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों की सहायता से विभिन्न स्थानों से गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
डीसीपी एनआईटी उत्तम ने कहा कि आज मोबाइल फोन केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण डेटा का सुरक्षित माध्यम भी है। इसलिए यदि मोबाइल फोन गुम हो जाए तो बिना देरी किए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए, ताकि मोबाइल को ट्रैक, ब्लॉक और उसके संभावित दुरुपयोग को रोका जा सके।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत पुलिस और CEIR पोर्टल की मदद लें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

