Faridabad/Alive News: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 14 जुलाई की अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 10 जुलाई तक अपने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जमा कर दें।
उन्होंने कहा कि समय से पहले प्रपत्र जमा होने से उनका डिजिटाइजेशन, दस्तावेजों का सत्यापन और पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी। अंतिम दिनों में अधिक संख्या में आवेदन आने से सर्वर पर लोड और तकनीकी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
उपायुक्त ने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित और एकत्रित कर रहे हैं। यदि किसी मतदाता तक अभी तक बीएलओ नहीं पहुंचा है, तो वह स्वयं अपने संबंधित बीएलओ या मतदान केंद्र से संपर्क कर प्रपत्र जमा कर सकता है।
आयुष सिन्हा ने नागरिकों से अपने परिवार, पड़ोस और परिचितों को भी समय पर गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर प्रपत्र जमा होने से SIR-2026 अभियान तय समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा किया जा सकेगा।

