July 7, 2026

सेक्टर-105 के गेट पर धंसी सड़क के मरम्मत की प्राधिकरण से मांग

Noida/Alive News: सेक्टर-105 के मुख्य प्रवेश द्वार  गेट नंबर-3 पर सड़क धंस जाने से स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा को पत्र भेजकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने पत्र में बताया कि सेक्टर में प्रवेश और निकास के दौरान मुख्य द्वार पर सड़क काफी नीचे धंस गई है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के गुजरने में कठिनाई हो रही है। सड़क की खराब स्थिति के कारण कई वाहनों का निचला हिस्सा सड़क से टकराकर क्षतिग्रस्त हो रहा है। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों में भी नाराजगी है।

उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। संगठन ने जनहित को देखते हुए प्राधिकरण से धंसी हुई सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।