July 7, 2026

DC आयुष सिन्हा ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, BLO रिकॉर्ड और ऐप अपलोडिंग प्रक्रिया का लिया जायजा

फरीदाबाद में SIR-2026 अभियान के दौरान मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए DC आयुष सिन्हा।

Faridabad/Alive News: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत मंगलवार को टैगोर पब्लिक स्कूल और बल्लभगढ़ क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा तैयार किए जा रहे रिकॉर्ड रजिस्टर की जांच की। उन्होंने घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान एकत्र की गई जानकारी का अवलोकन किया और रिकॉर्ड की शुद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

आयुष सिन्हा ने विशेष रूप से अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी मतदाता को इन श्रेणियों में दर्ज किया जाता है तो उसके समर्थन में आवश्यक दस्तावेज और स्पष्ट कारण दर्ज किया जाना अनिवार्य है।

उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान BLO ऐप के माध्यम से गणना प्रपत्रों की स्कैनिंग और अपलोडिंग प्रक्रिया भी देखी। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी दस्तावेज निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार डिजिटाइज होकर पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं और किसी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं आ रही है।

जहां कहीं सुधार की आवश्यकता दिखाई दी, वहां संबंधित अधिकारियों को तुरंत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ से अभियान की प्रगति की जानकारी ली और मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की। उन्होंने मतदाताओं से पूछा कि गणना प्रपत्र भरने, बीएलओ से संपर्क करने या एसआईआर अभियान से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया में उन्हें कोई परेशानी तो नहीं हो रही है।

आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाताओं की हर समस्या का त्वरित समाधान किया जाए और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जाए।