July 7, 2026

ECINET ऐप से घर बैठे मिलेंगी चुनाव संबंधी सभी सेवाएं, अब मतदाता सीधे कर सकेंगे BLO से संपर्क: उपायुक्त आयुष सिन्हा

ECINET ऐप के माध्यम से चुनाव संबंधी सेवाओं का उपयोग करते हुए मतदाता का प्रतीकात्मक दृश्य।

Faridabad/Alive News: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित ECINET ऐप मतदाताओं के लिए चुनाव संबंधी सेवाओं को आसान, पारदर्शी और सुविधाजनक बना रहा है। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे ऐप का उपयोग करें और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उपायुक्त ने बताया कि ECINET ऐप के माध्यम से अब मतदाता अपने संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) से सीधे संपर्क कर सकते हैं। ऐप में “Call Request” का विकल्प दिया गया है, जिससे मतदाता अपने बीएलओ को कॉल रिक्वेस्ट भेज सकते हैं।

उन्होंने बताया कि कॉल रिक्वेस्ट भेजने के बाद संबंधित बीएलओ को इसकी सूचना मिल जाती है। साथ ही, कॉल की पूरी प्रक्रिया पर निर्वाचन अधिकारियों की ओर से निगरानी रखी जाती है, ताकि प्रत्येक शिकायत और अनुरोध का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

आयुष सिन्हा ने कहा कि यदि किसी मतदाता को अपने नाम, पते, फोटो, मतदान केंद्र या विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता की आवश्यकता हो, तो वह ECINET ऐप के जरिए आसानी से मदद प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने बताया कि ऐप में बीएलओ से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा प्रत्येक बीएलओ का SIR Communication Number भी ऐप पर दिया गया है, जिससे मतदाताओं को तुरंत सहायता मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग करने का उद्देश्य नागरिकों को घर बैठे तेज, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए हैं कि वे प्राप्त होने वाली कॉल रिक्वेस्ट का शीघ्र निस्तारण करें और मतदाताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन में ECINET ऐप डाउनलोड करें, इसकी सुविधाओं का लाभ उठाएं और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।