Bengaluru/Alive News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 11 महीने की एक मासूम बच्ची की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके माता-पिता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए इसे हादसा बताने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 9 जून को पूर्वी बेंगलुरु के अवालाहल्ली थाना क्षेत्र के कितागनूर गांव में हुई थी। बच्ची के पिता शेकप्पा ने पुलिस को बताया था कि उसकी पत्नी विजयलक्ष्मी बच्ची को दूध पिलाते समय सो गई थी और इसी दौरान बच्ची बिस्तर से नीचे गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बच्ची को ईस्ट पॉइंट अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
22 जून को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि बच्ची की मौत गंभीर अंदरूनी चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई थी। उसके चेहरे, छाती, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई चोटों के निशान मिले।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिस बिस्तर से बच्ची के गिरने का दावा किया गया था, उसकी ऊंचाई करीब दो फीट थी। पुलिस का कहना है कि इतनी कम ऊंचाई से गिरने पर इतनी गंभीर चोटें आना संभव नहीं है।
पूछताछ में सामने आया कि घटना वाले दिन दोपहर में शेकप्पा खाना खाने घर आया था। इसी दौरान उसका पत्नी विजयलक्ष्मी के साथ विवाद हो गया। झगड़े के बीच बच्ची के रोने पर मां ने कथित तौर पर उसे लात मार दी।
इसके बाद गुस्से में पिता ने बच्ची को उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया। इस हमले में बच्ची को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिनकी वजह से उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। कुछ गवाहों ने यह भी आरोप लगाया कि विजयलक्ष्मी का एक पड़ोसी के साथ कथित संबंध था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस पहलू की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर अवालाहल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

