New Delhi/Alive News: अभिनेता दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘Satluj’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 से हटाए जाने का मामला चर्चा में है। इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। वहीं, अब केंद्र सरकार की ओर से फिल्म हटाने की वजह भी सामने आई है।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि फिल्म को सुरक्षा कारणों से ZEE5 से हटाने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारी ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म को सरकारी दिशा-निर्देशों का जिम्मेदारी से पालन करने के लिए कहा गया था।
पहले ‘Punjab 95’ नाम से रिलीज होनी थी फिल्म
अधिकारी के मुताबिक, यह फिल्म पहले ‘Punjab 95’ नाम से वर्ष 2022 में रिलीज होने वाली थी। उस समय सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को प्रमाणपत्र देने के लिए 127 कट लगाने का सुझाव दिया था। हालांकि, फिल्म निर्माताओं ने इन बदलावों को स्वीकार नहीं किया, जिसके बाद फिल्म की रिलीज रोक दी गई।
बाद में फिल्म को नए नाम ‘Satluj’ के साथ चुपचाप ZEE5 पर रिलीज कर दिया गया। अधिकारी ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म पर फिल्मों का सेंसर प्रमाणन अलग व्यवस्था के तहत होता है। जब यह मामला सरकार के संज्ञान में आया तो ZEE5 को फिल्म हटाने के लिए कहा गया।
जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है फिल्म
फिल्म ‘Satluj’ मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन और पंजाब में कथित फर्जी मुठभेड़ों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर आधारित है।
जसवंत सिंह खालरा ने 1984 से 1994 के बीच पंजाब में लापता हुए हजारों लोगों और उनके कथित अंतिम संस्कार के मामलों की जांच की थी। उनकी जांच ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया। बाद में 6 सितंबर 1995 को अमृतसर से उनका कथित अपहरण कर लिया गया, जिसके बाद वे कभी वापस नहीं लौटे।
दिलजीत दोसांझ ने क्या कहा?
अमेरिका से इंस्टाग्राम लाइव के दौरान दिलजीत दोसांझ ने कहा कि उन्हें पहले से ही अंदाजा था कि फिल्म पर कार्रवाई हो सकती है।
उन्होंने कहा कि उन्हें शुक्रवार को ही महसूस हो गया था कि फिल्म हटाई जा सकती है। इसलिए उन्हें इस फैसले से हैरानी नहीं हुई। दिलजीत ने कहा कि फिल्म का प्रचार भी नहीं किया गया था और इसे चुपचाप रिलीज किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि फिल्म दर्शकों तक पहुंच गई और उनका मानना है कि जितना इसे रोकने की कोशिश होगी, उतनी ही इसकी चर्चा बढ़ेगी।
ZEE5 का बयान
ZEE5 ने अपने बयान में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ‘Satluj’ को फिलहाल भारत में प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। कंपनी ने कहा कि अगली सूचना तक फिल्म उपलब्ध नहीं रहेगी और इसे दोबारा दर्शकों तक लाने के लिए सभी जरूरी कानूनी और प्रक्रिया संबंधी विकल्पों पर काम किया जा रहा है।

