July 6, 2026

ट्रेडिंग के नाम पर 5.11 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना NIT ने ट्रेडिंग और मोटे मुनाफे का झांसा देकर 5.11 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मेरठ और संभल से पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवन (27), राहुल (33) निवासी मेरठ और सूर्य प्रताप (28) निवासी संभल, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सूर्य प्रताप बैंक खाते का धारक है। उसने अपना खाता जीवन को दिया था और जीवन ने वही खाता राहुल को उपलब्ध कराया। पुलिस जांच में सामने आया कि इस खाते में ठगी के 2 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। तीनों आरोपी 12वीं पास हैं, जबकि सूर्य प्रताप ठेकेदारी का काम करता है।

मामले में सेक्टर-21D निवासी एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि 10 जून 2025 को उसे टेलीग्राम पर एक लिंक मिला, जिसमें ट्रेडिंग और निवेश के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का दावा किया गया था।

ठगों ने खुद को अमेज़न के लिए काम करने वाला बताकर महिला को प्रोडक्ट्स की तस्वीरें भेजने और अलग-अलग रकम निवेश करने के लिए कहा। शुरुआत में महिला ने 25 हजार रुपये भेजे। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर उससे अलग-अलग बैंक खातों में कुल 5 लाख 11 हजार रुपये जमा करा लिए। हालांकि, उसे कोई भी रकम वापस नहीं मिली।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान ठगी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है।