Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने करीब 20 साल से फरार चल रहे हत्या के एक दोषी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी प्रेमिका की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था, लेकिन वर्ष 2006 में उच्च न्यायालय से जमानत मिलने के बाद फरार हो गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकाश उर्फ विकी निवासी पांडव नगर, दिल्ली (हाल निवासी चंद्र विहार, मंडावली, दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 4 जुलाई 2026 को दिल्ली के चंद्र विहार इलाके से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2001 को थाना सूरजकुंड में एक महिला की गोली मारकर हत्या का मामला दर्ज हुआ था। जांच में सामने आया कि विकाश ने अपनी प्रेमिका की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने 29 अप्रैल 2001 को उसे गिरफ्तार कर अदालत में चार्जशीट दाखिल की।
मामले की सुनवाई के बाद जुलाई 2002 में अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा और 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
बाद में आरोपी ने सजा के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील की, जहां से मई 2006 में उसे जमानत मिल गई। लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद वह अदालत में पेश नहीं हुआ और फरार हो गया। इसके बाद अदालत ने उसके खिलाफ दोबारा गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए।
फरीदाबाद पुलिस के विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश के हापुड़ समेत कई स्थानों पर छापेमारी की। तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आखिरकार आरोपी को दिल्ली के चंद्र विहार से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

