Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहबाज (22) निवासी गांव धौज, फरीदाबाद के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि शहबाज फतेहपुर-धौज रोड पर अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इसके बाद थाना धौज में उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है और यह देसी कट्टा नूंह के एक व्यक्ति से 4 हजार रुपये में खरीदकर लाया था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि शहबाज के खिलाफ पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

