July 6, 2026

फरीदाबाद में 1.536 किलो गांजा के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेकर नेटवर्क खंगाल रही HSNCB

Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 536 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त प्रदेश” अभियान के तहत की गई।

HSNCB के अनुसार, यूनिट को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सेक्टर-56 की ईंट मार्केट के पास झुग्गियों के नजदीक गांजा बेचने के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेर लिया।

राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 1 किलो 536 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेंद्र उर्फ नन कूट के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है और फिलहाल फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में किराये पर रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह गांजा कहां से लाता था, किसे सप्लाई करता था और उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

HSNCB के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित हेल्पलाइन या ऑनलाइन पोर्टल पर दें। अधिकारियों का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।