July 5, 2026

जिला अस्पताल में रॉड के नाम पर ऐंठे 25000

Noida/Alive News: नोएडा के जिला अस्पताल से डॉक्टरों की लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के एक ऑर्थोपेडिक सर्जन ने मरीज के पैर में रॉड डालने के नाम पर 25 हजार रुपये ऐंठ लिए। लेकिन ऑपरेशन के दौरान रॉड की जगह सस्ती प्लेट डाल दी। गलत इलाज के कारण मरीज के पैर में गंभीर इंफेक्शन फैल गया है और उसका पैर सड़ने की कगार पर है।

सीएम पोर्टल पर शिकायत करने पर मचा हड़कंप

न्याय के लिए महीनों तक भटकने के बाद जब पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की, तो अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अस्पताल ने मरीज को दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां के डॉक्टरों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। अब पीड़ित गंभीर हालत में इलाज के लिए दर-दर भटक रहा है।

तीन महीने बाद पैर में हुई दिक्कत

नीरज चौबे जनवरी में सड़क हादसे में घायल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां तैनात ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अरविंद अत्री ने उनका ऑपरेशन किया था। तीन महीने बाद जब नीरज को चलने में भारी दिक्कत होने लगी, तो उन्होंने एक निजी अस्पताल में एक्स-रे कराया। रिपोर्ट देखकर उनके होश उड़ गए। उनके पैर में रॉड की जगह प्लेट डाली गई थी। वहीं, डॉ. अरविंद का कहना है कि ऑपरेशन कर रॉड डालने की बात हुई थी। परिजनों ने इम्प्लांट वाले को पेमेंट किया था, लेकिन ऑपरेशन के वक्त रॉड डालने की जरूरत नहीं लगी, इसलिए प्लेट डाल दी गई। इंफेक्शन प्लेट की वजह से नहीं, बल्कि पैर के पुराने घाव के कारण फैल रहा है।

‘जरूरत पड़ने पर की जाएगी आर्थिक सहायता’

सीएमएस अशोक कुमार झा का कहना है कि मरीज के इलाज के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। जहां तक 25 हजार रुपये लेने की बात है, तो यह मामला मेरे चार्ज संभालने से पहले का है।