Noida/Alive News : बारिश और मौसम में सुधार के बीच गौतमबुद्धनगर के स्कूली बच्चों के लिए राहत वाली व्यवस्था अब खत्म हो गई है। जिले में कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूल सोमवार से फिर अपने पुराने निर्धारित समय पर खुलेंगे। भीषण गर्मी के कारण कुछ दिन पहले स्कूलों के समय में किया गया बदलाव अब वापस ले लिया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल पंवार ने शनिवार को आदेश जारी किया।
जिले में पिछले दिनों तेज गर्मी और उमस को देखते हुए 29 जून से कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों का समय अस्थायी रूप से सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया था। इसका उद्देश्य बच्चों को दोपहर की गर्मी से बचाना था। अब मौसम में सुधार होने के बाद स्कूलों को फिर से ग्रीष्मकालीन निर्धारित समय के अनुसार संचालित करने का फैसला लिया गया है।
बीएसए राहुल पंवार के आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था जिले के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा और अन्य सभी बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों पर लागू होगी। कक्षा 1 से 8 तक की सभी कक्षाएं सोमवार से अपने पूर्व निर्धारित समय के अनुसार पूरी अवधि तक संचालित होंगी।

