Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने आपसी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना पल्ला पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण (24), निवासी धीरज नगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, धीरज नगर निवासी प्रवीण ने थाना पल्ला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 जून को उसका भाई ब्रिजेश गिरधावर इंक्लेव स्थित अपने प्लॉट पर गया था। इसी दौरान ललित उर्फ लाला, प्रिस, महिपाल और अरुण वहां पहुंचे और उस पर फावड़े और पाइप से हमला कर दिया। हमले में ब्रिजेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और शिकायतकर्ता पहले पड़ोसी थे और उनके बीच काफी समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी दुश्मनी के चलते 28 जून को आरोपी शिकायतकर्ता के प्लॉट पर पहुंचे और मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, अरुण ने फावड़े से हमला किया था, जिससे पीड़ित को गंभीर चोटें आईं।
थाना पल्ला पुलिस ने 3 जुलाई को आरोपी अरुण को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में भी लगातार छापेमारी कर रही है।

