July 4, 2026

स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर 10 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

स्टॉक मार्केट निवेश के नाम पर साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार तीन आरोपी फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना सेंट्रल ने स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर 10,00,098 रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए द्वितीय लेयर (Second Layer) के खाताधारक सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिदांत (23) निवासी रोहिणी, दिल्ली, कपिल (24) निवासी गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश और मनप्रीत (27) निवासी महिपालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने सिदांत और कपिल को देहरादून से, जबकि मनप्रीत को फरीदाबाद के सेक्टर-17 से गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की 10,00,098 रुपये की रकम पहले दो अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई। इसके बाद द्वितीय लेयर में आरोपी सिदांत के खाते में 1,04,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। जांच में पता चला कि सिदांत ने अपना बैंक खाता कपिल को दिया था और कपिल ने यह खाता आगे मनप्रीत को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराया। तीनों आरोपी पढ़े-लिखे हैं और सिदांत ग्रेजुएट है।

गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्होंने 1.5 लाख रुपये जमा कराए, जिसके बाद उन्हें जमानत मिल गई। पुलिस अब तक इस मामले में 5.50 लाख रुपये बरामद कर चुकी है।

सेक्टर-85 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके व्हाट्सएप पर स्टॉक मार्केट में निवेश का एक लिंक भेजा गया। इसके बाद उसे NAKA SOLUTIONS नाम की वेबसाइट का लिंक दिया गया, जहां उसका निवेश खाता खुलवाया गया।

शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 10,00,098 रुपये निवेश कर दिए, लेकिन बाद में उसे न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। खुद को ठगा महसूस होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और ठगी के नेटवर्क की जांच कर रही है।